सिल्वर लाइन स्कूल में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस समारोह छात्र अनुशासन, एकता और समर्पण से राष्ट्र निमार्ण में योगदान दे: डॉ माला कपूर
गाज़ियाबाद (मुक्तिदीप) सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल, नेहरू नगर में देश के 80वों स्वतंत्रता दिवस का समारोह अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर तिरंगे की आन, बान और शान से सजा हुआ था तथा चारों ओर राष्ट्रप्रेम और उत्साह का वातावरण दिखाई दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या डॉ. माला कपूर द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुआ। इस अवसर पर पूर्व प्रधानाचार्या श्रीमती कविता सरना, श्री आलोक यात्री,प्रधान अध्यापिकाएँ श्रीमती एकता कोहली एवं श्रीमती सोनिया सेहरा, शिक्षकगण तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के पश्चात् राष्ट्रगान की गूंज से पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति की भावना से भर उठा।
समारोह में विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति के गीतों, नृत्य, कविताओं एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रप्रेम को नमन किया गया। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों से सजा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम समारोह का विशेष आकर्षण रहा।
देशभक्ति के गीतों ने वातावरण में राष्ट्रप्रेम की भावना को और प्रबल कर दिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से एकता, अखंडता, साहस, त्याग और देश के प्रति कर्तव्य का संदेश दिया। उनकी ऊर्जावान एवं भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी जनों को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या डॉ. माला कपूर ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के महत्व से परिचित कराते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी बोध कराती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, ईमानदारी, एकता और समर्पण के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार आलोक यात्री ने भी अपने संबोधन में आजादी के महत्व पर प्रकाश डाला।
पूर्व प्रधानाचार्या श्रीमती कविता सरना तथा प्रधान अध्यापिकाएँ श्रीमती एकता कोहली एवं श्रीमती सोनिया सेहरा की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह का समापन राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं गौरव को बनाए रखने के संकल्प के साथ हुआ। पूरा विद्यालय परिसर "भारत माता की जय' और 'जय हिंद' के नारों से गूंज उठा।
Disclaimer: The views expressed in this article are the personal opinions of the author and do not necessarily reflect the views of MuktiDeep or its editorial team.