बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने की पहल, 25 से अधिक छात्राओं का नि:शुल्क टीकाकरण


गाजियाबाद (मुक्तिदीप) बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से भविष्य में सुरक्षित रखने के उद्देश्य से चिकित्सा क्षेत्र में कार्यरत सामाजिक संस्था ‘ब्यूटीफुल टुमारो’ की ओर से नि:शुल्क टीकाकरण अभियान चलाया गया। अभियान के तहत हैप्पी ऑवर्स गर्ल्स स्कूल,गोविंदपुरम में विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 25 से अधिक बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए वैक्सीन लगाई गई।

शिविर का आयोजन डॉ. मधु गुप्ता के नेतृत्व में किया गया। इस दौरान छात्राओं और विद्यालय की शिक्षिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव, टीकाकरण के महत्व तथा किशोरावस्था में स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता के बारे में भी जानकारी दी गई। आयोजकों का कहना था कि समय रहते जागरूकता और टीकाकरण के माध्यम से आने वाली पीढ़ी को इस गंभीर बीमारी के खतरे से काफी हद तक सुरक्षित किया जा सकता है।

मुक्तिदीप से बातचीत में कार्यक्रम की कोऑर्डिनेटर डॉ. मधु गुप्ता ने बताया कि बेटियों के बेहतर और सुरक्षित भविष्य के उद्देश्य से संस्था लगातार नि:शुल्क टीकाकरण अभियान चला रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 30 हजार से अधिक बच्चियों का टीकाकरण कराया जा चुका है। उनका लक्ष्य इस अभियान को और व्यापक बनाना तथा अधिक से अधिक बेटियों तक पहुंचाकर उन्हें सर्वाइकल कैंसर से बचाव के प्रति जागरूक करना है।

डॉ. गुप्ता ने कहा कि किसी भी बीमारी के इलाज से बेहतर उसका समय रहते बचाव है। इसी सोच के साथ संस्था स्कूलों और अन्य स्थानों पर पहुंचकर बालिकाओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने और टीकाकरण के लिए प्रेरित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि समाज के विभिन्न वर्गों के सहयोग से इस अभियान को आगे भी निरंतर जारी रखा जाएगा। ब्यूटीफुल टुमारो’ की यह पहल न केवल बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है, बल्कि समाज में कैंसर से बचाव और स्वास्थ्य जागरूकता को लेकर सकारात्मक वातावरण बनाने की दिशा में भी सार्थक कदम है।

विद्यालय में आयोजित शिविर के दौरान छात्राओं और स्कूल स्टाफ ने भी अभियान के प्रति सकारात्मक रुख दिखाया। विद्यालय की अध्यापिकाओं मनप्रीत कौर, वर्षा रैना, अंजू सारस्वत और ज्योति खट्टर सहित अन्य शिक्षिकाओं ने शिविर के आयोजन और व्यवस्थाओं में विशेष सहयोग दिया।

Disclaimer: The views expressed in this article are the personal opinions of the author and do not necessarily reflect the views of MuktiDeep or its editorial team.