सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल में दो दिवसीय ‘मॉडल यूनाइटेड नेशंस 3.0’ आयोजित

छात्रों ने अपने तार्किक तर्क, कूटनीतिक संवाद व सार्वजनिक वक्तव्य कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया

गाज़ियाबाद (मुक्तिदीप) सिल्वर लाइन प्रेस्टीज स्कूल के तत्वावधान में राजधानी युवा संसद के सहयोग से ‘मॉडल यूनाइटेड नेशंस (MUN) 3.0’ का दो दिवसीय भव्य एवं सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, तार्किक चिंतन, संवाद कौशल तथा वैश्विक मुद्दों के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। कार्यक्रम के प्रथम दिवस में कक्षा 3 से 8 तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह में श्री दीपक तेंगुरिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

दो दिवसीय कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न समितियों में वैश्विक एवं समसामयिक विषयों पर गहन चर्चा, वाद-विवाद और विचार-विमर्श में भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपने शोध, तार्किक तर्क, कूटनीतिक संवाद एवं सार्वजनिक वक्तव्य कौशल का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

द्वितीय दिवस में कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर आलोक श्रीवास्तव के साथ सुप्रसिद्ध कवि अनीमेष शर्मा की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। दोनों अतिथियों ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया तथा उन्हें अपनी अभिव्यक्ति, रचनात्मकता और विचारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने के लिए प्रेरित किया।विद्यालय की निदेशक डॉ. माला कपूर ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को कक्षा-कक्ष से बाहर निकलकर वास्तविक जीवन से जुड़े मुद्दों को समझने, अपने विचारों को आत्मविश्वास के साथ रखने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में विद्यालय के विभिन्न विभागों के प्रमुख एवं वरिष्ठ सदस्य भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की कुशल मेजबानी आराध्या, आरना और अविका ने की। तीनों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति और आत्मविश्वास से कार्यक्रम को जीवंत बनाए रखा।

पूरा आयोजन RYS की संस्थापक ईशा कपूर, जय सैनी एवं उनकी टीम के मार्गदर्शन और पर्यवेक्षण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी और उत्साह ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।

‘मॉडल यूनाइटेड नेशंस 3.0’ विद्यार्थियों के लिए केवल एक शैक्षणिक गतिविधि नहीं, बल्कि नेतृत्व, संवाद, आत्मविश्वास और वैश्विक दृष्टिकोण विकसित करने का एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध हुआ।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार आलोक यात्री , एकता कोहली, सोनिया सेहरा, सुप्रिया वर्मा, गीतू सिंह, बोस्की एवं हरप्रीत सहित विद्यालय के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

Disclaimer: The views expressed in this article are the personal opinions of the author and do not necessarily reflect the views of MuktiDeep or its editorial team.