समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया का 9वां राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह संपन्न

भव्य आयोजन में जिलाधिकारी ने चयनित हस्तियों को 'राष्ट्र गौरव’ अवार्ड से नवाजा


बिलासपुर (मुक्तिदीप) भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग हिमाचल प्रदेश के तत्वावधान में समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया का 9वां राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह बिलासपुर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपायुक्त (डीएम बिलासपुर) आईएएस श्री राहुल कुमार ने समारोह में 32 विभूतियों को ‘राष्ट्र गौरव’ अवार्ड एवं नौ अन्य अलग-अलग प्रतिभाओं को उनके उल्लेखनीय कार्य के लिए ‘राष्ट्रीय प्रतिभा’ सम्मान से नवाजा है।

भव्य सम्मान समारोह का शुभारंभ उपायुक्त राहुल कुमार, समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसकेएफआई) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन, विशिष्ट अतिथि कर्नल (रि.) जसवंत सिंह चंदेल और जिला भाषा अधिकारी श्रीमती नीलम चंदेल ने मां सरस्वती की मूर्ति के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अभिजीत कुमार, राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष राम स्वरूप भटनागर और बिहार के प्रदेश अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार डॉक्टर विद्या भूषण श्रीवास्तव बतौर अतिथि उपस्थित रहे। हिमाचल प्रदेश की अध्यक्ष ललिता कश्यप और बिलासपुर जिलाध्यक्ष सुभाष गुप्ता ने सभी अतिथियों का हिमाचली टोपी एवं शॉल पहनाकर पुष्गुच्छ के साथ उनका स्वागत-सत्कार किया।

मुख्य अतिथि उपायुक्त श्री राहुल कुमार ने जहां कुल सम्मानित 41 प्रतिभाओं को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से अन्य लोगों को भी सामाजिक कार्य करने की प्रेरणा मिलती है, वहीं कार्यक्रम की अतिथि जिला भाषा अधिकारी (डीएलओ) श्रीमती नीलम चंदेल ने समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के कार्यों की प्रशंसा की है। विशिष्ट अतिथि कर्नल जसवंत सिंह चंदेल ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष की भी सराहना करते हुए भविष्य में पूर्ण सहयोग देने की घोषणा की है।

उल्लेखनीय है कि कार्यक्रम होने से पहले कई लोगों ने एसकेएफआई की सदस्यता ग्रहण की और प्रदेश अध्यक्ष ललिता कश्यप ने प्रदेश व जिला कार्यकारिणी की घोषण भी की थी, जिससे इस अवसर पर पदाधिकारियों और सदस्यों में दोगुना उत्साह और जोश देखने को मिला। उन्होंने एक स्वर में कहा कि वे सभी संस्था के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों में शीघ्र ही एसकेएफआई की इकाई गठित की जाएगी।

कार्यक्रम का सफल संचालन रविन्द्र कुमार शर्मा ने किया। आयोजक व प्रदेश अध्यक्ष ललिता कश्यप ने अपने सभी सहयोगियों का उनके सहयोग के लिए धन्यवाद और अतिथियों के प्रति अभार व्यक्त किया है। कार्यक्रम में एसकेएफआई को लेकर कई साहित्यकारों, कवियों और समाजसेवियों ने अपने-अपने विचार रखे। साथ ही महिला मंडल ने सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर मन मोह लिया। इस अवसर पर शिक्षा, साहित्य, समाजसेवा, कला-संस्कृति, सेना, पुलिस और पत्रकारिता से जुड़े कई गणमान्य उपस्थित रहे।

Disclaimer: The views expressed in this article are the personal opinions of the author and do not necessarily reflect the views of MuktiDeep or its editorial team.