कथा रंग कहानी प्रतियोगिता के लिए 30 सितंबर तक रचनाएं की आमंत्रित
प्रेमचंद, रेणु, अश्क, मंटो, गुलेरी की स्मृति में प्रदान किए जाएंगे "कथा रंग सम्मान" 11 हजार के प्रथम पुरस्कार सहित अन्य चयनित कहानियां भी होंगी पुरस्कृत
गाजियाबाद (मुक्तिदीप) "कथा रंग" की ओर से आयोजित "कहानी प्रतियोगिता-2026" के लिए देश भर के कथाकारों से कहानियां आमंत्रित की गई हैं। संयोजक आलोक यात्री के अनुसार विविध श्रेणियों में कई कहानियां पुरस्कृत की जाएंगी। पुरस्कृत रचनाओं को पुस्तक रूप में भी प्रकाशित करने किया जाएगा। गौरतलब है कि विगत तीन वर्षों से संस्थान द्वारा वृहद स्तर पर यह आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष घोषित परिणाम के अनुसार डॉ. अर्चना पेन्यूली, उमंग जौली सरीन, उजमा कमाल, विभा रानी, डॉ. रंजना जायसवाल, रमेश कुमार 'रिपु', प्रज्ञा रोहिणी व आशा शर्मा सहित 16 रचनाकार शामिल हैं।
संयोजक श्री यात्री के अनुसार नवांकुरों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विगत तीन वर्षों में देश के कई रचनाकार इस आयोजन में पुरस्कृत हो चुके हैं। प्रथम पुरस्कार की राशि 11 हजार रुपए निर्धारित की गई है। द्वितीय पुरस्कार 51 सौ रुपए और तृतीय पुरस्कार 21 सौ रुपए का होगा। जिनकी संख्या रचनाओं की गुणवत्ता के आधार पर बढ़ भी सकती है। श्री यात्री ने बताया कि आयोजन में 6 रचनाओं को पुरस्कृत करने का प्रावधान है। किंतु रचनाओं की गुणवत्ता की वजह से पुरस्कारों की संख्या में वृद्धि करनी पड़ती है। विगत आयोजन में 10 अतिरिक्त रचनाओं को उनकी गुणवत्ता के आधार पर "कथा रंग सृजना पुरस्कार" और "से. रा. यात्री सृजन सम्मान" से पुरस्कृत किया जा रहा है।
संस्था के अध्यक्ष शिवराज सिंह के अनुसार इस वर्ष का अलंकरण समारोह आगामी माह अक्टूबर में प्रस्तावित है। जो कथा सम्राट प्रेमचंद से लेकर यशपाल, अमृतलाल नागर, मंटो, चंद्रधर शर्मा गुलेरी, फणीश्वरनाथ रेणु, कृष्ण चंदर, राही मासूम रज़ा, भीष्म साहनी, कृष्णा सोबती, कमलेश्वर, इस्मत चुग़ताई, से. रा. यात्री, शानी, कामतानाथ व पानु खोलिया को समर्पित रहेगा। संयोजक मंडल में सुप्रसिद्ध लेखक हरियश राय, महेश दर्पण, कमलेश भट्ट 'कमल', सुभाष चंद्र, डॉ. माला कपूर 'गौहर', ललित जायसवाल, सिनीवाली, अशोक गुप्ता व शकील अहमद सैफ शामिल हैं। चयन हेतु अप्रकाशित टाइप या हस्त लिखित रचना तीन प्रतियों में डाक द्वारा 30 सितंबर 2026 तक, संयोजक, "कथा रंग कहानी प्रतियोगिता-2026" एफ/ई-7 कवि नगर, गाजियाबाद के पते पर प्रेषित की जा सकती हैं।
Disclaimer: The views expressed in this article are the personal opinions of the author and do not necessarily reflect the views of MuktiDeep or its editorial team.