लखीमपुर में व्यापार मंडल के शीर्ष नेताओं का भव्य स्वागत

6 अक्टूबर लखनऊ सम्मेलन के लिए भारी संख्या में जुटने का आह्वान

गाज़ियाबाद/लखीमपुर (मुक्तिदीप) लखीमपुर आगमन पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग एवं प्रदेश महामंत्री तिलक राज अरोड़ा का स्थानीय व्यापारियों द्वारा ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ जोरदार नागरिक अभिनंदन किया गया। इस दौरान व्यापारी सुरक्षा, एकजुटता और संगठन के विस्तार को लेकर एक विशेष बैठक का भी आयोजन किया गया।

​बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन की असली ताकत व्यापारियों की आपसी एकजुटता में निहित है। उन्होंने मंच से घोषणा करते हुए उपस्थित व्यापारियों से आगामी 6 अक्टूबर 2026 को राजधानी लखनऊ में आयोजित होने वाले विशाल 'प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन' में लखीमपुर से रिकॉर्ड संख्या में भाग लेने की अपील की, ताकि व्यापारियों की लंबित मांगों और समस्याओं को शासन के समक्ष मजबूती से रखा जा सके।

व्यापार मंडल के लोकप्रिय नेता ​प्रदेश महामंत्री तिलक राज अरोड़ा ने अपने सम्बोधन में कहा कि लखनऊ सम्मेलन प्रदेश के व्यापारिक इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होगा। स्थानीय व्यापारिक नेताओं ने शीर्ष नेतृत्व को आश्वस्त किया कि लखीमपुर से सैकड़ों की संख्या में व्यापारी लखनऊ के लिए कूच करेंगे।

​कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी व्यापारियों ने संगठन के प्रति निष्ठा और एकजुट रहने का संकल्प लिया। इस दौरान क्षेत्र के प्रमुख व्यापारी, व्यापार मंडल के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Disclaimer: The views expressed in this article are the personal opinions of the author and do not necessarily reflect the views of MuktiDeep or its editorial team.