सपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व ब्लॉक प्रमुख संतोष यादव को मातृ शोक, हिंडन मोक्ष स्थली पर अंतिम संस्कार।
गाजियाबाद (मुक्तिदीप ) समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं धौलाना के पूर्व ब्लॉक प्रमुख संतोष यादव पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी पूज्य माता श्रीमती रेशम यादव का ब्रेन स्ट्रोक (मस्तिष्क आघात) के चलते अचानक निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, श्रीमती रेशम यादव को अचानक मस्तिष्क आघात (ब्रेन स्ट्रोक) हुआ, जिसके तुरंत बाद उन्हें चिकित्सकों की देखरेख में ले जाया गया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। उनके शांत और ममतामयी स्वभाव के कारण वे न केवल अपने परिवार बल्कि आसपास के क्षेत्र में भी अत्यंत आदरणीय थीं। एवं वार्ड 26, से क्षेत्र पँचायत सदस्य के रूप में निर्वाचित थी।
निधन का समाचार हवा की तरह फैलते ही गोविंदपुरम स्थित उनके निवास स्थान पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लग गया। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने पहुंचकर संतोष यादव व उनके परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।
श्रीमती रेशम यादव की अंतिम यात्रा उनके गोविंदपुरम आवास से शुरू होकर हिंडन मोक्ष स्थली पहुंची। इस दौरान हजारों की संख्या में लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी। हिंडन नदी तट स्थित मोक्ष स्थली पर धार्मिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका अंतिम संस्कार संपन्न हुआ। अंतिम संस्कार में शामिल होने वालों में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के अलावा अन्य राजनीतिक दलों के प्रमुख चेहरे, वर्तमान विधायक पूर्व विधायक, व्यापारी नेता और क्षेत्र के हजारों गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इस कठिन और दुखद घड़ी में मुक्तिदीप परिवार, सपा नेता संतोष यादव एवं उनके समस्त शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट करता है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपूरणीय क्षति व असीम दुख को सहन करने का संबल प्रदान करें।
Disclaimer: The views expressed in this article are the personal opinions of the author and do not necessarily reflect the views of MuktiDeep or its editorial team.