भटनागर सभा का 25वां कायस्थ वैवाहिक परिचय सम्मेलन व मेधावी विद्यार्थियों एवं वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान कार्यक्रम 20 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा।

गाजियाबाद (मुक्तिदीप संवाददाता) भटनागर सभा, गाजियाबाद की ओर से सभा की स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रजत वर्ष समारोह एवं 25वां कायस्थ वैवाहिक परिचय सम्मेलन का आयोजन 20 दिसंबर 2026 लोहिया नगर स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित किया जाएगा।

इस सम्बंध में विस्तृत जानकारी देते हुए भटनागर सभा के कार्यकारणी सदस्य श्री प्रवीन भटनागर ने "मुक्तिदीप" को बताया कि इस अवसर पर समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के लिए वैवाहिक परिचय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें अधिक से अधिक परिवारों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

सम्मेलन के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाज के सदस्यों एवं प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने की भी योजना है। आयोजन के दौरान 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को अति वरिष्ठ नागरिक सम्मान प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त शिक्षा, खेल, विज्ञान, स्वास्थ्य, समाज सेवा एवं अन्य विशिष्ट क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले भटनागर परिवार के सदस्यों को विशिष्ट उपलब्धि सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

आयोजकों ने अति वरिष्ठ नागरिक सम्मान के लिए पात्र सदस्यों के नाम, पूरे पते, नवीनतम फोटो एवं आधार कार्ड की प्रति 25 नवंबर 2026 तक उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। विशिष्ट उपलब्धि सम्मान के लिए नाम-पता, फोटो एवं उपलब्धि का संक्षिप्त विवरण भी निर्धारित समय सीमा के भीतर भेजना होगा।

सम्मेलन से संबंधित विवरण भटनागर सभा सचिवालय,आरडीसी, राजनगर, गाजियाबाद में जमा किए जा सकते हैं।

सभा के महासचिव श्री के. के. भटनागर एवं अध्यक्ष प्रमोद भटनागर ने सभी भटनागर समाज के सदस्यों से आयोजन को सफल बनाने में सहयोग प्रदान करने की अपील की है।

Disclaimer: The views expressed in this article are the personal opinions of the author and do not necessarily reflect the views of MuktiDeep or its editorial team.