महिला वॉलंटियर फोर्स (एमवीएफ) का सम्मेलन आयोजित
महिला वॉलंटियर फोर्स का उद्देश्य पुलिस और समाज के बीच विश्वास को मजबूत करना है: पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़
गाजियाबाद (मुक्तिदीप संवाददाता) पुलिस अधिकारियों तक अपनी बात पहुंचाने और समस्याओं के समाधान के लिए महिलाओं को रविवार को सीधे संवाद का मंच मिला।
नंदग्राम क्षेत्र स्थित क्राइस्ट यूनिवर्सिटी में महिला वॉलंटियर फोर्स (एमवीएफ) सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें ऐसी महिलाएं भी शामिल हुईं, जिनकी समस्याओं के त्वरित समाधान में एमवीएफ ने मदद की।
मुख्य अतिथि पुलिस आयुक्त जे. रविंद्र गौड़ ने कहा कि महिला वॉलंटियर फोर्स का उद्देश्य पुलिस और समाज के बीच विश्वास, संवाद और सहभागिता को मजबूत करना है। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, उनके अधिकारों कौ जानकारी और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूकता फैलाने में एमवीएफ अहम भूमिका निभा रही है।
सम्मेलन में महिलाओं की ओर से मिले सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और व्यवस्था को और प्रभावी
बनाने के प्रयास किए जाएंगे।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अपराध एवं यातायात राजकरण नैय्यर, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अपराध कैशव चौधरी, डीसीपी धवल जायसवाल समेत पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने महिलाओं को सुरक्षा व्यवस्था और एमवीएफ की भूमिका की जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जिले के 24 थाना क्षेत्रों में कुल 591 महिला वॉलंटियर्स को जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें विजयनगर थाने में सबसे अधिक 42, टीलामोड़ में 39 और कोतवाली नगर में 27 महिला वॉलंटियर्स हैं।
सम्मेलन में वॉलंटियर्स ने पारिवारिक व अन्य मामलों में भूमिका व जिम्मेदारियों के अनुभव साझा किए। अधिकारियों ने कहा कि महिला वॉलंटियर्स परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के साथ महिलाओं को न्याय और उनका हक दिलाने में भी योगदान दे रही हैं। इस अवसर पर विभिन्न महिला संगठनों ने भागीदारी की, पगडंडिया फाउंडेशन की श्रीमती छाया शर्मा भी अपनी पूरी टीम के साथ उपस्थित रही, उन्होंने पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए पुलिस कमिश्नर का आभार व्यक्त किया है
Disclaimer: The views expressed in this article are the personal opinions of the author and do not necessarily reflect the views of MuktiDeep or its editorial team.