सनातन धर्म कॉलेज के पूर्व छात्र मित्रों का मिलन, अपने प्रिय गुरु श्री हरबीर सिंह का किया भव्य सम्मान।
गाजियाबाद ( मुक्तिदीप) जी.टी. रोड स्थित 'राम भवन' में रविवार को एस.एस.डी. कॉलेज के 1981-82 बैच के पूर्व छात्रों का वार्षिक सम्मेलन व मिलन समारोह अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में बैच के सभी साथियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस वर्ष के आयोजन का मुख्य आकर्षण पूर्व शिक्षक व मुख्य अतिथि श्री चौ. हरबीर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। 76 वर्ष की आयु में कार्यक्रम में पहुंचे गुरु जी का पूर्व छात्रों ने पुष्पगुच्छ, शॉल व स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मान किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चले इस आयोजन में वर्षों बाद मिले पुराने सहपाठियों ने अपने छात्र जीवन की खट्टी-मीठी यादें ताजा कीं। सभी ने अपने वर्तमान जीवन के अनुभवों, विचारों और भविष्य की योजनाओं को एक-दूसरे के साथ साझा किया। पुराने दिनों को याद कर परिसर में हर चेहरे पर पुरानी आत्मीयता और नया उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के आयोजक श्री बाल कृष्ण शर्मा ने आए हुए सभी सहपाठियों और मुख्य अतिथि का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि गुरुजन और पुराने मित्रों का यह साथ जीवन में सकारात्मक ऊर्जा भर देता है। पुरानी स्मृतियों के पुनर्मिलन और विचारों के आदान-प्रदान के पश्चात सभी उपस्थित सदस्यों ने एक साथ स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया और अगले वर्ष पुनः मिलने के वादे के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
इस अवसर पर मुख्य रूप से सर्व श्री राज कुमार शर्मा, बाल कृष्ण शर्मा, प्रवीण कुमार,संजय भारती,विपिन गर्ग,तरूण,सुरेश कुमार सिरोही,संजीव शर्मा,सुबोध मलिक,सुशील शर्मा,समीर कौशल,अश्वनी शर्मा,विजय शर्मा,राम कुमार शर्मा,विनोद कुमार एवं पवन कुमार आदि के साथ अनेको मित्र उपस्थित रहे।
Disclaimer: The views expressed in this article are the personal opinions of the author and do not necessarily reflect the views of MuktiDeep or its editorial team.