इवा किड्स प्री स्कूल में विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया,नन्हे-मुन्ने बच्चों की रामलीला ने मंत्रमुग्ध किया।
गाज़ियाबाद: गोविंदपुरम के गोविंद विहार स्थित इवा किड्स प्री स्कूल में विजयादशमी (दशहरा) का पर्व बड़ी ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल परिसर में एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नन्हें-मुन्ने बच्चों ने रामलीला का मनमोहक मंचन कर सभी का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री राम की आरती के साथ हुई। इसके बाद, रंग-बिरंगी और आकर्षक पोशाकों में सजे 3,4 व 5 वर्षीय मासूम बच्चों ने मंच पर आकर रामलीला के प्रमुख प्रसंगों को जीवंत कर दिया।
रामलीला मंचन में मुख्य भूमिका निभाने वाले बच्चों में अनिका वर्मा के साथ उनकी हमउम्र किंज़ा नदीम, पीरिषा गुप्ता, लक्ष्य पाल, इंक्षित सिरोही, नमामी चौधरी, नैतिक और रियांश आदि शामिल रहे। इन छोटे-छोटे कलाकारों ने जिस आत्मविश्वास और उत्साह के साथ अपने संवाद और अभिनय प्रस्तुत किए, उसे देखकर दर्शक दीर्घा में मौजूद सभी लोग भावविभोर हो गए। बच्चों की मासूमियत और बेहतरीन प्रस्तुति पर पूरा हॉल देर तक तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा।
स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती माधुरी तोमर ने बच्चों के शानदार अभिनय की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों से बच्चों को अपनी भारतीय परंपराओं, मूल्यों और संस्कृति को करीब से समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी बाल-कलाकारों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उपस्थित अभिभावकों व शिक्षकों को दशहरा पर्व की हार्दिक बधाई दी।
Disclaimer: The views expressed in this article are the personal opinions of the author and do not necessarily reflect the views of MuktiDeep or its editorial team.